फरीदाबाद : अस्पताल के वार्ड में घुसी संदिग्ध महिला, परिजनों ने किया हंगामा

 


फरीदाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद के फोर्टिस अस्पताल में मंगलवार देर रात उस समय हडक़ंप मच गया, जब परिजनों ने बच्चा चोरी की कोशिश का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और अस्पताल के बाहर सडक़ जाम कर दी। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरीदाबाद निवासी मनीष भाटिया ने अपने बच्चे को कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया था। वहीं संदीप नाम के व्यक्ति ने भी अपने बेटे को टाइफाइड के चलते एडमिट किया हुआ था। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार शाम एक अज्ञात महिला वार्ड में घुस आई और बच्चों को चेक करने लगी। पूछताछ करने पर उसने खुद को डॉक्टर बताया, लेकिन उसका व्यवहार संदिग्ध लग रहा था। शक होने पर परिजनों ने अस्पताल स्टाफ को सूचना दी, जिसके बाद कर्मचारी महिला को अपने साथ ले गए। परिजनों का कहना है कि महिला बच्चा चोरी कर सकती थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। दूसरे परिजन संदीप ने बताया कि जब महिला उनके बच्चे के पास पहुंची, तो उसने हार्ट की समस्या बताई, जबकि बच्चा टाइफाइड से पीडि़त था। इससे उन्हें महिला की बातों पर और ज्यादा शक हुआ। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब वे इलाज के लिए भारी रकम दे रहे हैं, तो बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अस्पताल की भी बनती है। परिजनों का आरोप है कि जब उनकी शिकायत नहीं सुनी गई, तो उन्होंने अस्पताल के बाहर सडक़ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। वे यह जानना चाहते थे कि आखिर वह महिला कौन थी और वार्ड तक कैसे पहुंची। हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सडक़ जाम करने के आरोप में मनीष भाटिया, अमन, सुमित भाटिया ,जैनिश रत्रा को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी श्रीभगवान के अनुसार, वार्ड में घुसी महिला मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है। हंगामे के दौरान वह अस्पताल से निकल गई। वहीं, सुरक्षा चूक को लेकर अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर