फरीदाबाद : माता-पिता बच्चों की खूबियां पहचान उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करें : प्रो. असीम घोष
राज्यपाल ने सरकारी स्कूलों का किया निरीक्षण, सुविधाओं का लिया जायजा
जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और स्कूलों के विकास के लिए 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा
फरीदाबाद, 16 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बुधवार को फरीदाबाद के सेक्टर-10 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और दौलताबाद स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं और स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, बिजली, मिड-डे मील और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को उचित रखरखाव के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने प्राथमिक विंग में विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें मन लगाकर पढ़ने, अच्छी आदतें अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए माता-पिता और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। शिक्षा के साथ खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने दोनों स्कूलों के आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए वजीफे तथा स्कूलों में विकास कार्यों और विभिन्न सुविधाओं के लिए 10-10 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की। खेल मैदान की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए खेल एवं बाहरी गतिविधियों की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभाएं होती हैं। अभिभावकों को बच्चों की रुचि और क्षमता पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने माता-पिता से बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताने और डांटने के बजाय प्यार, धैर्य व भरोसे के साथ उनका मार्गदर्शन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, देशभक्ति और अच्छे संस्कार विकसित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. हनी बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, जिला प्रशासन के अधिकारी, स्कूल स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य और अभिभावक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर