फरीदाबाद : गौवंश वध के प्रयास में एक और आरोपी गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 18 जून (हि.स.)। गौवंश वध के प्रयास के मामले में थाना छांयसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव अटेरना निवासी जमशेद के रूप में हुई है। आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेशकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव अटेरना निवासी अनवर खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 मई 2026 की रात उसे अपने घर के पीछे किसी भारी वस्तु के गिरने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि दो-तीन व्यक्ति एक गाय के पैरों को बांधकर जमीन पर गिराए हुए थे और उसके वध का प्रयास कर रहे थे। उसको देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना छांयसा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने आया था। मामले में एक आरोपी रसमुदीन को पहले ही मौके से गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि जमशेद घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे पलवल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ गाय को चोरी कर गौवंश वध के उद्देश्य से ले जा रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर