फरीदाबाद : प्रेमी से हुआ झगड़ा, नहर में कूदने पहुंची युवती, थाने ले गई पुलिस

 


फरीदाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रेमी से फोन पर झगड़ा होने के बाद एक युवती नहर में कूदने चली गई। पुल के पास बाउंड्री पर खड़े होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इसी दौरान पास से गुजर रहे लोगों की उस पर नजर पड़ी ताे उन्हाेंने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसवालों ने युवती का काफी समझाया। मगर वह बाउंड्री के पास खड़े होकर नहर में कूदने की जिद करती रही। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने उसे समझाकर बाउंड्री की दीवार से उतारा। इसके बाद पुलिस युवती को थाने ले गई। पूछताछ के बाद युवती को उसकी मां के साथ भेज दिया गया। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगरा नहर के पास ऐसे हादसे होते रहते हैं। घटना शुक्रवार देर रात की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मेवला महाराजपुर निवासी 24 वर्षीय युवती का गांव बडक़ल निवासी युवक के साथ प्रेम प्रसंग है। दोनों के बीच रात को किसी बात को लेकर फोन पर कहासुनी हो गई। इसके बाद युवती आत्महत्या करने के इरादे से पल्ला पुल के पास आगरा नहर पर पहुंच गई। वह धीरज नगर के पास नहर की दीवार पर खड़ी हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस बुलाई: नहर की दीवार पर युवती को खड़ा देखकर स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस की बाइक राइडर और डायल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवती को सुरक्षित नहर के पास से हटाया गया। पल्ला थाना पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती फिलहाल राव निहाल अपार्टमेंट में किराए पर रह रही थी। वह अपने माता-पिता से अलग रहती है और सेक्टर-28 स्थित निजी कंपनी नील कमल में काम करती है। घटना के बाद उसे पल्ला थाने ले जाया गया। वहां पूछताछ के बाद उसकी मां को बुलाया गया। इस मामले में पल्ला थाना इंचार्ज सत्य प्रकाश से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आगरा नहर के पास अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं। हालांकि, युवती के नहर के पास पहुंचने और उसे सुरक्षित वहां से हटाकर थाने लाने के मामले में उन्होंने कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर