फरीदाबाद : टोल बचाने को बना रहे फर्जी आई कार्ड, तीन हजार कार्ड जब्त
फरीदाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद के गदपुरी टोल प्लाजा पर फर्जी सरकारी आई कार्ड का बड़ा खेल सामने आया है। टोल प्लाजा प्रशासन ने पिछले दो साल में ढाई से तीन हजार तक नकली आई कार्ड जब्त किए हैं। ये कार्ड अलग-अलग सरकारी विभागों के नाम पर बनाए गए थे, जिनका इस्तेमाल लोग टोल टैक्स देने से बचने के लिए कर रहे थे। जब्त किए गए कार्डों में हरियाणा पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, सेना, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और एनएचआईए जैसे विभागों के नाम शामिल हैं। हालांकि ये सभी कार्ड पूरी तरह फर्जी पाए गए। टोल कर्मियों ने जांच के दौरान इन्हें पहचानकर तुरंत जब्त कर लिया और इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को भी दी गई। टोल अधिकारी राजेश योगी ने बताया कि कुछ लोग चंद पैसों में ऐसे फर्जी कार्ड बनवाकर न सिर्फ सरकारी विभागों की छवि खराब कर रहे हैं, बल्कि सरकार के राजस्व को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टोल कर्मचारी ऐसे कार्डों को देखते ही पहचान लेते हैं और तुरंत कार्रवाई करते हैं। जब्त किए गए कार्डों में हरियाणा पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, सेना, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और एनएचआईए जैसे विभागों के नाम शामिल हैं। गदपुरी टोल प्लाजा के अधिकारी राजेश योगी ने कहा कि सरकारी कर्मचारी अपने आई कार्ड का दुरुपयोग न होने दें। कई मामलों में लोग अपने जानकारों के असली कार्ड का गलत इस्तेमाल भी करते हैं, जो कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि फर्जीवाड़े पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर