फरीदाबाद : फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर तीन दुकानों से की ठगी

 




फरीदाबाद, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी का नया तरीका सामने आया है। एक महिला और पुरुष दुकानदारों को मोबाइल पर फर्जी पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान लेकर फरार हो रहा है। मंगलवार को दोनों ने अलग-अलग इलाकों में तीन दुकानों को निशाना बनाया। आरोपियों ने करीब 25,400 रुपए का सामान खरीदा, लेकिन किसी भी दुकान के खाते में भुगतान नहीं पहुंचा। सबसे पहले कपल ओल्ड फरीदाबाद के ठाकुरवाड़ा स्थित गर्ग बैग एंड गारमेंट्स पर पहुंचा। यहां दोनों ने बच्चों के कपड़े पसंद किए। करीब 4400 रुपए का सामान लेने के बाद उन्होंने भुगतान के लिए दुकान का स्कैनर मांगा। इसके बाद सेल्समैन को स्कैनर लेकर दुकान के बाहर आने के लिए कहा। बाहर पहुंचने पर आरोपियों ने अपने मोबाइल पर 4400 रुपए के भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखा दिया। स्क्रीन पर दुकान का नाम और रकम दिखाई दे रही थी, इसलिए कर्मचारी को भुगतान होने का भरोसा हो गया। दोनों सामान लेकर वहां से निकल गए। कुछ देर बाद दुकानदार गोविंद गर्ग ने खाते में ट्रांजेक्शन चेक किया तो कोई रकम जमा नहीं हुई थी। दुकानदार बाहर पहुंचा, लेकिन तब तक दोनों फरार हो चुके थे। दुकानदार ने आसपास के व्यापारियों से पूछताछ की तो पता चला कि इसी हुलिए का कपल सेक्टर-37 की एक कपड़ों की दुकान से करीब 15 हजार रुपए का सामान ले गया है। वहां भी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाया गया था। इसके बाद सेक्टर-23 के एक शोरूम में करीब 6 हजार रुपए की खरीदारी करने की जानकारी मिली। यहां भी दोनों ने भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदार को भ्रमित किया और सामान लेकर निकल गए। तीनों घटनाओं में आरोपियों का तरीका लगभग एक जैसा रहा। पहले दोनों सामान्य ग्राहक बनकर सामान पसंद करते हैं। भुगतान के समय स्कैनर लेकर दुकान से बाहर आने को कहते हैं और फिर मोबाइल पर तैयार स्क्रीनशॉट दिखा देते हैं। इससे दुकानदार या कर्मचारी को लगता है कि भुगतान हो चुका है। दुकानदार गोविंद गर्ग ने ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को शिकायत दी है। थाना प्रभारी विष्णु मित्र के अनुसार शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर