फरीदाबाद : निवेश के नाम पर ठगी के छह आरोपी गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 10 मई (हि.स.)। इंवेस्टमेंट प्लेटफार्म में निवेश के नाम पर साढ़े चार लाख की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने दो खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पुलिस ने जालंधर पंजाब से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान पंजाब निवासी कुलवंत(61) व राहुल(45) के रुप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार जवाहर कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके पास एक अंजान नंबर से कॉल आया जिसने अपने आप को एक इन्वेस्टमेंट प्लेटफार्म से जुडा हुआ बताया और कहा कि वे लोग इन्वेस्टमेंट प्लेटफार्म पर पैसा निवेश करके मोटा मुनाफा देते है। फिर ठगो ने शिकायतकर्ता ने ऐप डाउनलोड कराई जिस पर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रॉजेक्शन के जरिये ठगो द्वारा बताये खाता में कुल चार लाख 49 हजार रुपए निवेश किये, जिसके बाद उसे कोई पैसा वापस नही मिला। जिस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इंवेस्टमेंट के नाम पर एक लाख 62 हजार रुपए की ठगी मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने 4 आरोपियों मनीष(23), सचिन(22), रोहित(26) निवासी पानीपत व रमन(22) निवासी सोनीपत को गिरफ्तार किया है। अरोपियों ने एक व्यक्ति को फर्जी प्रॉफिट रिपोर्ट, दस्तावेज एवं अधिक रिटर्न का लालच देकर उसे झांसे में ले लिया, जिस पर उसने निवेश के लिये ठगो द्वारा बताये खाता में अलग-अलग ट्रांजेक्सन के जरिये कुल एक लाख 62 हजार रूपये ट्रांसफर कर दिये। जिसके बाद उसे कोई पैसा वापस नही मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को दबोच लिया। पुछताछ में सामने आया कि मनीष खाताधारक है जिसने अपना खाता आगे सचिन को, सचिन ने आगे रोहित को, रोहित ने यह खाता आगे रमन को दिया था। खाते में ठगी के 34 हजार रुपये आये थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर