फरीदाबाद : खाली मैदान में खड़ी पांच गाडिय़ों में लगी आग
फरीदाबाद, 12 मई (हि.स.)। शहर की जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच स्थित एक खाली मैदान में मंगलवार तडक़े पांच गाडिय़ों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांचों गाडिय़ां बुरी तरह जल चुकी थी। स्थानीय निवासी विक्रम ने बताया कि सुबह जब वह अपने घर से सैर पर जाने के लिए निकले, तो उन्हें जलने की बदबू और धुआं दिखाई दिया। जब वह पास के खाली मैदान की ओर गए, तो देखा कि एक गाड़ी में आग लगी हुई थी। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कई गाडिय़ां सीएनजी की होने के कारण लोग ज्यादा करीब जाने से डर रहे थे। इसी दौरान आग तेजी से फैलती गई और पास खड़ी अन्य गाडिय़ां भी उसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते कुल पांच गाडिय़ों में आग लग गई। विक्रम ने बताया कि जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच लक्ष्मी डेयरी के पास एक खाली मैदान है, जहां आसपास के लोग अपनी गाडिय़ां खड़ी कर देते हैं। उसी मैदान में ये सभी गाडिय़ां खड़ी थीं। शुरुआत में एक गाड़ी में आग लगी थी, लेकिन उसके साथ खड़ी तीन-चार अन्य गाडिय़ां भी धीरे-धीरे आग की चपेट में आ गईं। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन फायर विभाग के पहुंचने से पहले ही सभी गाडिय़ां पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थीं। एनआईटी फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर सुखबीर यादव ने बताया कि सुबह फायर स्टेशन पर कई गाडिय़ों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी टीम के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। टीम ने कड़ी मेहनत के बाद सभी गाडिय़ों में लगी आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कई गाडिय़ां सीएनजी की थीं, जिससे आग तेजी से फैल सकती है। वहीं सारन थाना के थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच खड़े वाहनों में आग लग गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी कारण, सीएनजी लीकेज या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाई गई हो सकती है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन पांच गाडिय़ां जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर