फरीदाबाद: घर के बाहर खड़ी गाड़ी फूंकने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
फरीदाबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। गांव अनंगपुर में घर के बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगाने और फायरिंग करने के मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी ने मंगलवार काे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी रवि, दिनेश और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और एक देसी कट्टा बरामद किया है। 16-17 जुलाई की रात अनंगपुर निवासी आकाश की गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और गाड़ी पर फायरिंग करने के बाद उसमें आग लगा दी। परिवार के लोग जब घर से बाहर आए तो आरोपियों ने उन पर भी फायरिंग की। हालांकि, गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच एनआईटी को सौंपी थी। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि रोबिन का पहले आकाश के साथ झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर समझौता हो गया था, लेकिन रोबिन के मन में रंजिश बनी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते रोबिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। आरोपियों ने रात के समय आकाश के घर के बाहर पहुंचकर पहले गाड़ी पर गोली चलाई और इसके बाद उसमें आग लगा दी। परिवार के बाहर आने पर आरोपियों ने उनकी तरफ भी फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। रवि के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं, जबकि मोहित के खिलाफ चार मुकदमें पहले से दर्ज हैं। वारदात के बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर