फरीदाबाद के डंपिंग यार्ड में लगी आग, घंटों की मशक्कत से काबू पाया
फरीदाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में एत्मादपुर पुल के पास बने डंपिंग यार्ड में पड़े कूड़े के ढेर में शनिवार देर रात को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कूड़े के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठने वाला काला धुआं इतना घना था कि कई किलोमीटर दूर से भी आसमान में धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने कूड़े के ढेर से तेज लपटें उठती देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग का दायरा बड़ा होने के कारण फायर कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग इतनी तेज थी कि मौके से उठ रहा काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास के क्षेत्र में धुएं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आग कूड़े के ढेर में लगी होने के कारण उसके अंदर से लगातार धुआं उठता रहा, जिससे फायर कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की सूचना मिलने के बाद पल्ला थाना पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग के आसपास लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। पल्ला थाना इंचार्ज सत्या प्रकाश के मुताबिक फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आग लगने का मुख्य कारण क्या है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर