फरीदाबाद में कपड़ा कारखाने में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
फरीदाबाद, 27 मई (हि.स.)। पल्ला थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर-बसंतपुर के बीच पुस्ता रोड स्थित एक कपड़ा कारखाने में बुधवार सुबह आग लग गई। आग की चपेट में कारखाने का बड़ा हिस्सा और रखा हुआ कपड़ा जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नवीन नगर चौकी इंचार्ज राकेश भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ों को मौके पर बुलाया गया। फायर कर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर धीरे-धीरे काबू पाया। करीब चार घंटे तक आग बुझाने का काम चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आग इतनी तेज थी कि आसपास के घरों तक उसकी गर्मी पहुंच रही थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास रहने वाले लोगों को घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पर जाने के लिए कहा गया। कारखाने के साथ एक पार्किंग का मैदान भी था, जहां कई गाडिय़ां खड़ी थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अधिकतर गाडिय़ों को वहां से हटा लिया गया, लेकिन एक कार को समय रहते नहीं हटाया जा सका। आग की लपटों में आने से वह कार पूरी तरह जल गई। कारखाने के मालिक देवेंद्र अवाना ने बताया कि उनके कारखाने में कपड़ों के थान रखे जाते थे, जिन्हें अलग-अलग कंपनियों में भेजा जाता था। उन्होंने बताया कि सुबह आग लगी थी। उन्होंने कहा कि आग बुझाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन आग बहुत तेजी से फैल गई और लाखों रुपए का सामान जल गया। देवेंद्र अवाना ने आशंका जताई कि यह आग खुद से नहीं लगी बल्कि किसी ने जानबूझकर लगाई हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां थोड़ी देर से पहुंची, लेकिन बाद में लगातार आग बुझाने का काम किया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर