फरीदाबाद : किन्नर बनकर उगाही करने वाली महिलाएं पकड़ीं, दो हुई फरार

 

फरीदाबाद, 02 नवंबर (हि.स.)। शहर के नेहरु ग्राउंड में किन्नर बनकर उगाही करने वाली महिलाओं की गैंग को असली किन्नरों ने पकड़ लिया। इस दौरान दो महिलाएं भागने में कामयाब रहीं, जबकि दो को असली किन्नरों ने पकड़ लिया और थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल दोनों थाने में बैठी थीं और इस बाबत किन्नरों की गुरु मनीषा चौहान ने पुलिस में शिकायत दी। मनीषा चौहान ने बताया कि सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि नेहरू ग्राउंड में कुछ नकली किन्नर दुकानदारों से जबरन उगाही कर रहे हैं और पैसे न देने पर उन्हें गालियां दे रहे हैं। सूचना मिलने पर मनीषा चौहान ने कुछ किन्नरों को मौके पर भेजा तो उन्होंने देखा कि चार किन्नर एक वैन में बैठी हुईं थीं, जब उन्होंने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि वह महिलाएं है, जो कि किन्नर बनकर लोगों से पैसा उगाह रही थी। इस बीच मौका देखकर दो महिलाएं फरार हो गयीं ,जबकि दो महिलाओं को किन्नरों व स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। किन्नर गुरु मनीषा चौहान ने बताया कि वह टाउन में साल में एक बार यानी दिवाली पर जाते है, जहां लोगों को दुआएं देकर उनकी इच्छा अनुसार दक्षिणा लेती है, लेकिन अगर ऐसे ही नकली किन्नर उनके काम धंधे को प्रभावित करेेंगे तो उनके समक्ष भारी परेशानियां हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व कुछ युवकों को भी किन्नर बने हुए पकड़ा गया था, जो बाद में भाग गए थे। बताया जाता है कि यह महिलाएं दिल्ली की रहने वाली है और यह काम कब से और क्यों कर रही है, इसकी पूछताछ पुलिस कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर