फरीदाबाद : बिना डिग्री मरीजों का इलाज कर रहे फर्जी डाक्टर के खिलाफ मामला दर्ज
फरीदाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)। संजय कॉलोनी में बिना किसी मेडिकल डिग्री के क्लिनिक चलाकर मरीजों का इलाज करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की टीम की शिकायत पर की गई। सेक्टर-55 पॉलीक्लिनिक के एसएमओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी टीम के साथ संजय कॉलोनी स्थित 33 फीट रोड पर बने चांदनी क्लिनिक पर जांच के लिए पहुंचे। टीम में डॉ. शुभानी और डीसीओ संदीप गहलान भी शामिल थे। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई थी, जिसमें आरोप था कि उक्त क्लिनिक में बिना मान्यता प्राप्त मेडिकल योग्यता के इलाज किया जा रहा है। जांच के दौरान क्लिनिक में गली नंबर-27, 33 फीट रोड संजय कॉलोनी निवासी नंदकेश्वर मौजूद मिला, जो खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहा था। जब टीम ने उससे मेडिकल डिग्री और रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र मांगा तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। निरीक्षण के दौरान क्लिनिक से कई प्रकार की दवाइयां, मेडिकल उपकरण और इलाज में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी सामान की सूची बनाकर उन्हें जब्त कर लिया और सीलबंद बॉक्स में रख लिया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी बिना किसी मेडिकल योग्यता के इलाज कर रहा था और मरीजों से पैसे वसूल रहा था, जिससे लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। डॉ. राजेश कुमार की शिकायत पर पुलिस चौकी संजय कॉलोनी के एएसआई जितेंद्र ने कार्रवाई करते हुए मामला थाना मुजेसर भेजा। इसके बाद थाना मुजेसर में एनएमसी एक्ट की धारा 34 और बीएनएस की धारा 125 व 318 के तहत केस दर्ज किया गया। थाना मुजेसर प्रभारी पुरान सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर