फरीदाबाद : पूर्व सरपंच के परिवार को बंधक बनाकर डेढ़ करोड़ के गहने ले उड़े चोर

 


फरीदाबाद,18 सितंबर (हि.स.)। जिले के बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव शाहुपुरा में गुरुवार देर रात पूर्व सरपंच के घर चोरी का मामला सामने आया है। पूर्व सरपंच के मुताबिक चोर घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपए कीमत का सोना-चांदी और नकदी चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों को कमरों में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया गया। पीडि़त परिवार ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव शाहुपुरा निवासी पूर्व सरपंच देवी ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं और सभी परिवार के साथ एक ही घर में रहते हैं। देर रात वह अपनी पत्नी और सबसे छोटे बेटे के साथ नीचे के कमरे में सो रहे थे। उनका दूसरा बेटा और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में थे। परिवार की एक बहू बच्चे के साथ मायके गई हुई थी। देवी के अनुसार देर रात चोर घर की दीवार कूदकर अंदर घुसे। देवी ने बताया कि जिन कमरों में परिवार के सदस्य सो रहे थे, चोरों ने उनके दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा दी। जिस कमरे में वह सो रहे थे, उसकी कुंडी बाद में खोल दी गई। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उनकी नींद खुली तो सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे आभूषण व नकदी गायब थी। पूर्व सरपंच के मुताबिक चोर घर से करीब 70 तोले सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण और साढ़े तीन लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि सुबह ऊपर जाकर देखा, तो परिवार के अन्य सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रकाश चंद के मुताबिक पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर