फरीदाबाद : स्कूलाें में रील-मीम बनाने पर शिक्षा विभाग सख्त, जारी किया पत्र

 


फरीदाबाद, 26 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद जिले में सरकारी स्कूलों में रील और मीम बनाने के कई मामले सामने आने के बाद शिक्षा विभाग अलर्ट हो गया है। इसको लेकर गुरुवार काे जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) की ओर से एक लेटर भी जारी किया गया है। जिसमें लिखा है कि टीचर, एनी वर्कर और स्टूडेंट रील, मीम और इंटरटेनमेंट को लेकर वीडियो बना रहे हैं, जो नियमों के खिलाफ है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी सरकारी स्कूलों के मुखियाओं को निर्देश जारी कर कहा है कि स्कूल समय के दौरान किसी भी प्रकार की रील या मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होगी, क्योंकि इससे पढ़ाई, अनुशासन और स्कूल की गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई स्कूल शैक्षणिक, सांस्कृतिक या जागरूकता से जुड़ा वीडियो बनाना चाहता है, तो उसे पहले संबंधित अधिकारी की अनुमति लेनी होगी और शिक्षक की निगरानी में ही यह कार्य किया जा सकेगा। निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा। विभाग को काफी समय से कई स्कूल परिसरों में छात्रों और कर्मचारियों द्वारा मनोरंजन के लिए रील/लघु वीडियो बनाए जाने की शिकायतें मिली हैं। इससे पढ़ाई का समय प्रभावित होने और अनुशासन में ढील की स्थिति सामने आई। सोशल मीडिया पर स्कूल के अंदर की सामग्री वायरल होने से गोपनीयता और सुरक्षा के मुद्दे भी उठे।

शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में निर्देश दिए गए है कि शिक्षण-अधिगम गतिविधियों में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं आनी चाहिए, वीडियो बनाते समय छात्रों की सुरक्षा और निजी जानकारी की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी, कोई भी गैर-शैक्षणिक या प्रचारात्मक सामग्री स्कूल परिसर में नहीं बनाई जाएगी, अनुशासन और संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होगी, जरूरत पडऩे पर वीडियो बनाने से पहले संबंधित अधिकारी से पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में स्कूलों में सोशल मीडिया रील बनाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। कई राज्यों में पहले भी स्कूल परिसरों में मोबाइल और वीडियो उपयोग को लेकर दिशानिर्देश जारी किए जा चुके हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि डिजिटल गतिविधियां तभी स्वीकार्य हैं, जब उनका उद्देश्य शिक्षा या जागरूकता हो।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर