फरीदाबाद : डीटीपीसी ने 35 रिहायशी मकानों पर चिपकाए रेस्टोरेशन ऑर्डर
फरीदाबाद, 14 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद की पॉश ग्रीन फील्ड कॉलोनी में आवासीय मकानों में चल रही कमर्शियल गतिविधियों पर डिस्ट्रिक टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट (डीटीपीसी) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने सोमवार को मॉल रोड पर पहुंचकर रिहायशी मकानों में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रेस्टोरेशन ऑर्डर चिपकाए है। नोटिस देकर इन गतिविधियों को बंद करने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। डीटीपीसी के जेई रहमान ने बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी की इस सडक़ को मॉल रोड के नाम से जाना जाता है। यहां कई रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ कमर्शियल गतिविधियां चल रही हैं। विभाग की ओर से पहले इन यूनिट को नोटिस दिए जा चुके हैं। अब कार्रवाई के अगले चरण में करीब 30 से 35 यूनिट पर रेस्टोरेशन ऑर्डर चिपकाए गए हैं। विभाग ने संबंधित लोगों को 7 दिन का समय दिया है। इस दौरान उन्हें अपने मकान को उसी स्थिति में रिस्टोर करना होगा, जिस उपयोग के लिए उसे मंजूरी मिली है। यानी रिहायशी मकान में चल रही कमर्शियल गतिविधियों को बंद करना होगा। जेई ने स्पष्ट किया कि सात दिन के अंदर आदेश का पालन नहीं करने पर विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा। संबंधित बिल्डिंग को सील किया जा सकता है। इसके अलावा आदेश की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारी के अनुसार, मॉल रोड पर इससे पहले करीब 70 यूनिट को नोटिस दिए जा चुके हैं। अब इन मामलों में आगे की कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने साफ किया है कि जहां-जहां रिहायशी मकानों में कमर्शियल गतिविधियां चल रही हैं, वहां कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर