फरीदाबाद : सांसद से लेकर पंच तक भाजपा का कार्यकर्ता दिखाई देना चाहिए : डा. अर्चना गुप्ता
फरीदाबाद पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागतअर्चना गुप्ता ने साइक्लोथॉन में लिया हिस्सा, साइकिल चलाकर पहुंचीं कार्यक्रम स्थल तकफरीदाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा है कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी है। जब एक बूथ अध्यक्ष और बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता अपना पसीना बहाता है तथा बूथ जीतकर भाजपा की झोली में डालने का काम करता है, तब विधायक और सांसद बनते हैं तथा सरकारें बनती हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के श्रम से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। डा. गुप्ता रविवार को फरीदाबाद में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रही थी। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना के फरीदाबाद आगमन पर एमवीएन स्कूल अरावली हिल के सामने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने वजीरपुर गांव परशुराम चौक से भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित साइक्लोथॉन में सहभागिता की।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वयं साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल अमृता अस्पताल तक पहुंचते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम स्थल अमृता अस्पताल सेक्टर 89 के ऑडिटोरियम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, विधायक धनेश अदलखा, विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फगाना, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का पुष्प गुच्छ और फूलमालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने मंचासीन नेताओं के साथ भारत माता, माँ अमृता आनंदमयी, श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर पुष्पांजलि अर्पित की ।
अमृता अस्पताल के ऑडिटोरियम में लोगों ने डॉ. अर्चना गुप्ता का ढोल नगाड़ों, पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छ, शॉल, पटका एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। फरीदाबाद जिले के सभी मंडल अध्यक्षों ने बड़ी माला से प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता देने के भाव से पार्टी में आता है, जबकि कांग्रेस और इनेलो की सरकारें केवल लूटने और अपना घर भरने के लिए आई थी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को गर्व होना चाहिए कि वह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का सदस्य है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही परिणाम है कि आज फरीदाबाद जिले में छह में से पांच विधायक भाजपा के हैं और लोकसभा में केंद्रीय मंत्री भी फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर