फरीदाबाद : स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाने के विवाद में महिला से मारपीट
फरीदाबाद, 29 नवंबर (हि.स.)। सेक्टर-89 स्थित अडोर समृद्धि सोसाइटी के बाहर स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने सोसाइटी की कुछ महिलाओं और एक युवक पर मारपीट करने, कपड़े फाड़ने और प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला के अनुसार, वह पिछले 10 वर्षों से सोसाइटी में रह रही हैं और नियमित रूप से स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाती हैं। आरडब्ल्यूए और बिल्डर के फैसलों का विरोध करने के कारण भी कुछ लोग उनसे नाराज थे। महिला का आरोप है कि 26 अक्टूबर की शाम वह मंदिर में थीं, तभी कुछ महिलाएं उन्हें बुलाकर सोसाइटी के बाहर ले गईं और वहां उनके साथ मारपीट की।
महिला ने बताया कि दिवाली के दौरान उन्होंने ग्रीन पार्क को दो हिस्सों में बांटने का सुझाव दिया था। एक हिस्से में पटाखे जलाने और दूसरे हिस्से को जानवरों के लिए सुरक्षित रखने की बात कही थी। इसी सुझाव को लेकर विवाद शुरू हुआ। महिला ने राजीव पंवार, मनोज, मोहित और पंकज सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चोट लगने के कारण उन्हें तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा।
वायरल वीडियो में एक युवक महिला को लगातार थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। महिला का आरोप है कि घटना के बाद कई बार पुलिस को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 28 नवंबर को उन्होंने दोबारा बीपीटीपी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, ग्रीन पार्क को दो हिस्सों में बांटने के सुझाव को लेकर विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोर्ट में कलंदरा भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर