फरीदाबाद : दिवाली की रात नौ जगह लगी आग, दर्जनों झुग्ग्यिां जलीं

 


फरीदाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर इलाके में दिवाली की देर रात पटाखे से निकले रॉकेट के कारण एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियों में आग लग गई। आग तेजी से फैली तो झुग्गियों में रहने वाले परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग बच्चों और परिवार के सदस्यों को लेकर जान बचाने के लिए बाहर भागे। आग की चपेट में आने से कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। दमकल की 10 से 12 गाड़ियों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हालांकि, दीपावली की रात फरीदाबाद के कई अन्य इलाकों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। दीपावली की देर रात एक रॉकेट उड़कर मेवला महाराजपुर की झुग्गियों पर जा गिरा। इससे एक झुग्गी में आग लग गई। झुग्गियां एक-दूसरे से सटी होने और आसपास ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। आग लगते ही झुग्गियों में चीख-पुकार मच गई। लोग बच्चों और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। कई लोगों ने घरों में रखा सामान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें सामान छोड़कर बाहर निकलना पड़ा। आग बुझने के बाद झुग्गियों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।

दीपावली की रात मेवला महाराजपुर के अलावा पल्ला, सेक्टर-91, लक्कड़पुर, तिलपत, गाजीपुर, डबुआ चौक स्थित साइकिल स्टोर, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सेक्टर-30-33 स्थित एक मकान की पहली मंजिल और सेक्टर-46 की झुग्गियों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में किसी के जान गंवाने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, अलग-अलग जगह लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

सेक्टर-31 फायर स्टेशन के कर्मचारी जोगेंद्र भड़ाना ने बताया कि मेवला महाराजपुर में आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने और उसे आसपास की झुग्गियों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर