फरीदाबाद : जेल में भिड़े कैदी, एक ने दूसरे पर फेंका गर्म दाल का पतीला
फरीदाबाद, 11 सितंबर (हि.स.)। नीमका स्थित जिला जेल में दो कैदियों के बीच विवाद के दौरान एक कैदी गर्म दाल से झुलस गया। आरोप है कि एक कैदी ने भट्टी पर बन रही गर्म दाल का पतीला दूसरे कैदी पर फेंक दिया। गर्म दाल गिरने से उसका मुंह, हाथ और छाती झुलस गई। जेल प्रशासन द्वारा घायल कैदी को प्राथमिक उपचार के बाद बीके अस्पताल लाया गया। जहां से उसको दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। जेल प्रशासन की ओर से शुक्रवार को सदर बल्लभगढ़ थाना पुलिस को दिए गए पत्र में बताया है कि करीब 30 वर्षीय प्रकाश निवासी वार्ड नंबर-तीन, वसंतगढ़, पलवल और 27 वर्षीय पारस निवासी कंजरपुर जेल में बंद हैं। 10 सिंतबर की सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान पारस ने गर्म दाल से भरे पतीले को प्रकाश के ऊपर फेंक दिया। पतीले में मौजूद गर्म दाल प्रकाश के ऊपर गिर गई। इससे उसका मुंह, दोनों हाथ और छाती झुलस गई। घटना के तुरंत बाद जेल प्रशासन ने उसे जेल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जेल प्रशासन ने घटना की जानकारी सदर बल्लभगढ़ थाना पुलिस को दी है। जेल अधीक्षक की ओर से पुलिस को भेजे पत्र में बंदी पारस के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मालमे की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर