फरीदाबाद : तनाव से जूझ रहे व्यक्ति ने दी फांसी लगाकर जान

 

फरीदाबाद, 30 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के सोतई गांव में किराए के कमरे में रह रहे एक बुधवार देर रात 38 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब मकान मालिक किसी काम से उसके कमरे के पास पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया। सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि सोतई गांव में किराए के कमरे में रहने वाले एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान 38 वर्षीय हरमीत के रूप में हुई, जो गांव मंगता बैरामपुर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया कि हरमीत करीब 15 दिन पहले ही सोतई गांव में मकान मालिक पिंटू के मकान में किराए पर रहने आया था। वह फरीदाबाद में राजमिस्त्री का काम करता था, जबकि उसका परिवार अलीगढ़ में रहता है। मकान मालिक पिंटू ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से हरमीत के कमरे पर गया था। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर हरमीत गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई। थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हरमीत पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। हालांकि, उसने यह कदम किस कारण उठाया, इसका स्पष्ट पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आत्महत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर