फरीदाबाद : डेंगू के 35 व मलेरिया के पांच केस मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
फरीदाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में मौसम के बदलाव होने के साथ ही डेंगू व मलेरिया जैसे मामलों में भी इजाफा होने लगा है। फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग और नूंह की टीम ने डेंगू और मलेरिया के सेंपल भरे, जिसमें जिले में अभी तक डेंगू के 35 और मलेरिया के पांच मामले सामने आ चुके है। जबकि विभाग द्वारा 3200 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किया गया है। सर्दी के आने से पहले लगातार हो रही बारिश के कारण मच्छरों से होने वाले डेंगू और मलेरिया के केसों में बढ़त देखी जा रही है। इसी को लेकर विभाग की 40 टीमें अलग-अलग इलाकों में लोगों के रक्त सेंपल ले रही है। टीमें खासतौर से उन इलाकों में अभियान चला रही है जहां पर भीड़ ज्यादा है और साफ-सफाई का अभाव है। अभी तक करीब 2 लाख से ज्यादा घरों की जांच की जा चुकी है। विभाग डेढ़ लाख से ज्यादा ब्लड स्लाइड मलेरिया की जांच के लिए तैयार कर चुका है। विभाग की टीमों ने गोंछी गांव में लोगों के सेंपल लिए। इस दौरान कैंप में आने वाले लोगों को जरूरी दवाईयां भी मुहैया कराई गई। बदलते मौसम में बुखार, खांसी के सबसे ज्यादा मरीज सामने आ रहे है। इन सैंपलों को लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को आगे का इलाज दिया जाएगा। सीएमओ जंयत आहूजा ने बताया कि जिन मरीजों में बीमारी के लक्षण दिख रहे है, उनको साथ-के साथ इलाज दिया जा रहा है। इसके अलावा दूसरे लोगों के सेंपल लिए जा रहे है। जिनकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाही की जाएगी। दूसरी तरफ शहर में अलग-अलग स्थानों पर बने कूड़े के ढेरों से बीमारियों के फैलने का भय बना हुआ है। लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस पर कुछ बताने को तैयार नही है। गांव गोंछी में सरकारी स्कूल की दीवार के साथ खुले में कुढ़े के ढेर लगे हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर