फरीदाबाद : मृत गायों से भरी पिकअप पकड़ी, गौरक्षकों ने किया हंगामा

 


फरीदाबाद, 04 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-19 में बडख़ल रोड पर गुरुवार देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब गौ-रक्षा दल के सदस्यों ने मृत गायों को लेकर जा रही एक पिकअप गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी में चार मृत गाय मिलीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी की जांच शुरू की। इस दौरान काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि बडख़ल रोड पर गौ-रक्षा दल के सदस्यों ने एक पिकअप गाड़ी को रोक रखा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गाड़ी की जांच की गई। इसमें चार मृत गाय मिलीं। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी ड्राइवर से पूछताछ शुरू की। साथ ही मृत गायों को ले जाने से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई। गौ-रक्षा दल के सदस्य राम ने आरोप लगाया कि इन मृत गायों को गौशाला से ले जाया जा रहा था। उनका कहना है कि मृत गायों के शरीर से चमड़ी निकाली जाती है और उसे बेच दिया जाता है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की। वहीं, पिकअप ड्राइवर राजू ने आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि वह चारों मृत गायों को दिल्ली के गाजीपुर स्थित पशुओं के श्मशान में अंतिम संस्कार के लिए लेकर जा रहा था।ड्राइवर के अनुसार, उसका उद्देश्य मृत पशुओं का अंतिम संस्कार करवाना था और उन्हें कहीं बेचने के लिए नहीं ले जाया जा रहा था। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों, गाड़ी में मिले मृत पशुओं और उन्हें ले जाने से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मृत गायों को किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर