फरीदाबाद : युवती के शव ले जाने के लिए नहीं मिली एंबुलेंस, कूड़ा ढाेने वाली गाड़ी में ले जाना पड़ा शव
अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर उठे सवाल, परिजनों ने लगाया मदद नहीं मिलने का आरोप
फरीदाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए सडक़ हादसे में मां-बेटी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे में जान गंवाने वाली 19 वर्षीय अंजलि का शव अस्पताल तक पहुंचाने के लिए परिजनों को एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजनों का आरोप है कि काफी प्रयास करने के बावजूद अस्पताल से शव वाहन नहीं मिला, जिसके चलते उन्हें नगर निगम में पहले कूड़ा उठाने के काम में लगी गाड़ी से शव को बीके अस्पताल पहुंचाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ के नवादा गांव निवासी राजकुमार 11 नवंबर को अपनी पत्नी अर्चना (40) और बेटी अंजलि (19) के साथ भाईदूज पर अलीगढ़ के टप्पल स्थित अपने ससुराल गए थे। शनिवार को तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-2 कट के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अर्चना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंजलि ने बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। राजकुमार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अंजलि के चाचा जीतू के अनुसार, अस्पताल में युवती की मौत के बाद उन्होंने कर्मचारियों से शव को बीके अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन मांगा, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। मजबूरी में उन्हें दूसरी गाड़ी की व्यवस्था करनी पड़ी। इस घटना के बाद शव को कूड़ा उठाने के काम में पहले इस्तेमाल की जा चुकी गाड़ी से ले जाने का मामला सामने आया है। वहीं, बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल के एसएमओ ने बताया कि अस्पताल के पास एक एम्बुलेंस है, लेकिन उसका इस्तेमाल शव ले जाने के लिए नहीं किया जाता। युवती की मौत के बाद शव शहर थाना क्षेत्र के एएसआई विनोद को सौंप दिया गया था। इसके बाद शव किस वाहन से बीके अस्पताल पहुंचा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ी पीडि़त परिवार की अपनी है। यह गाड़ी पहले नगर निगम में कूड़ा उठाने के काम में लगी थी, लेकिन अब परिवार इसका निजी इस्तेमाल करता है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार शव को बीके अस्पताल ले जा चुका था। पुलिस की ओर से शव को कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में नहीं भिजवाया गया। स्वास्थ्य विभाग की ट्रांसपोर्ट इंचार्ज डॉ. रचना ने बताया कि रेडक्रॉस की ओर से स्वास्थ्य विभाग को शव वाहन उपलब्ध कराया गया है। शव ले जाने के लिए निर्धारित नंबर पर फोन कर सूचना देनी होती है, जिसके बाद वाहन मौके पर पहुंचता है। उन्होंने कहा कि यदि युवती का शव वास्तव में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ले जाया गया है तो यह बेहद गंभीर मामला है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर