फरीदाबाद : पेड़ से लटका मिला युवक का शव
फरीदाबाद, 11 मई (हि.स.)। एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। यह घटना एनआईटी-5 स्थित केसी सिनेमा रोड के पास जंगल क्षेत्र की है। राहगीरों ने जब पेड़ से एक युवक को लटका देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसजीएम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। मृतक की पहचान इंद्रजीत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस का रहने वाला था। वह फरीदाबाद के एसजीएम नगर इलाके में अपने माता-पिता और भाई के साथ किराए के मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि इंद्रजीत की उम्र करीब 35 साल के आसपास थी। परिजनों के अनुसार, इंद्रजीत रविवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एनआईटी-5 के केसी सिनेमा रोड के पास जंगल में एक युवक पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान सामने आया कि युवक ने अपने हाथों को भी काटने की कोशिश की थी। मृतक के मामा ने बताया कि इंद्रजीत लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। वह कोई काम नहीं करता था और अधिकतर समय घर पर ही रहता था। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर से ही वह घर से बिना बताए निकल गया था। परिवार ने पूरी रात उसे ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि इंद्रजीत का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। एसजीएम नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि केसी सिनेमा रोड के पास जंगल में एक युवक पेड़ से लटका हुआ है। सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने खुद ही फांसी लगाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर