फरीदाबाद : मां की डांट से नाराज हाेकर नहर में कूदे युवक का शव बरामद

 


फरीदाबाद, 15 मई (हि.स.)। पल्ला थाना क्षेत्र में सेक्टर-37 कट के पास आगरा नहर पर बुधवार को छलांग लगाने वाले युवक का शव एसडीआरएफ की टीम को शुक्रवार खेड़ी पुल के पास से बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। 25 वर्षीय शादीशुदा युवक अपनी पत्नी को साथ लेकर नहर पर पहुंचा था। जहां पर युवक को नहर मे कूद गया लेकिन उसकी पत्नी को लोगों ने कूदने से रोक लिया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक सुधांशु अपने परिवार के साथ पल्ला थाना क्षेत्र की चेतन मार्केट के पास श्याम कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। सुधांशु पहले एक कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन किसी कारण से उसने काम छोड़ दिया था और पिछले कुछ समय से बेरोजगार था। इसी बात को लेकर घर में तनाव बना रहता था। परिवार ने बताया कि सुधांशु की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी और अभी उनका कोई बच्चा नहीं है। उसकी पत्नी इस समय करीब चार महीने की गर्भवती है।युवक के पिता पप्पू श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार दोपहर घर में कामकाज को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान सुधांशु की मां ने उसे काम करने और घर का खर्च उठाने को लेकर डांट दिया। मां की डांट से नाराज होकर सुधांशु का गुस्सा भडक़ गया और वह अपनी पत्नी को साथ लेकर घर से निकल गया। परिजनों के अनुसार घर से निकलते समय सुधांशु कह रहा था कि आज दोनों नहर में कूदकर जान दे देंगे। परिवार के लोगों ने उसे काफी समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और सीधे सेक्टर-37 कट के पास आगरा नहर की तरफ पहुंच गया। जब तक परिजन वहां पहुंचे, तब तक आसपास मौजूद लोगों ने उसकी पत्नी को पकड़ रखा था। लोगों ने बताया कि सुधांशु अचानक नहर में कूद गया, जबकि उसकी पत्नी को समय रहते रोक लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। दो दिनों से एसडीआरएफ की टीमें लगातार आगरा नहर में सुधांशु की तलाश कर रही था। शुक्रवार को युवक को शव टीम को खेड़ी पुल के पास से बरामद कर लिया है। पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर