फरीदाबाद : बंद कमरे से मिली व्यक्ति की लाश, हत्या की आशंका

 


फरीदाबाद, 30 जुलाई (हि.स.)। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव में एक किराए के कमरे से एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हडक़ंप मच गया। मृतक की गर्दन पर गहरे कट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या किसी तेजधार हथियार से की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, जिस महिला ने यह कमरा किराए पर लिया था, पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार तडक़े मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों को एक कमरे से तेज बदबू आने लगी। बदबू इतनी ज्यादा थी कि वहां रहना मुश्किल हो गया। इसके बाद किराएदारों ने मकान मालिक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर मकान मालिक का बेटा अरुण मौके पर पहुंचा। उन्होंने देखा कि कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। इसके बाद तुरंत सूरजकुंड थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर करीब 35 से 40 वर्ष के एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। शव काफी सड़ चुका था और पूरे कमरे में तेज दुर्गंध फैली हुई थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां से मृतक की पहचान से जुड़ा कोई आधार कार्ड, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला। जांच के दौरान पुलिस ने मकान मालिक की पहचान दयाचंद भड़ाना के रूप में की, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं। अरुण ने पुलिस को बताया कि करीब 15 से 16 दिन पहले मध्य प्रदेश की रहने वाली अनीता नाम की एक महिला ने यह कमरा किराए पर लिया था। उसने किराए के समय अपना आधार कार्ड और मोबाइल नंबर भी दिया था। अरुण ने बताया कि पिछले करीब पांच दिनों से अनीता कमरे पर नहीं आई थी और कमरा बाहर से बंद था। अब उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों ने भी पुलिस को बताया कि उन्होंने मृतक व्यक्ति को पहले कभी वहां नहीं देखा था। उन्हें यह भी नहीं पता कि वह व्यक्ति कमरे में कब आया और वहां कैसे पहुंचा। पुलिस ने शव की जांच के दौरान देखा कि मृतक की गर्दन पर गहरे कट के निशान हैं। शव के पास खून के निशान भी मिले। इससे पुलिस को आशंका है कि किसी ने तेजधार हथियार से उसकी हत्या की है। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। कमरे का ताला तोडक़र अंदर देखा गया तो एक व्यक्ति का शव मिला। शव करीब पांच दिन पुराना लग रहा है और काफी सड़ चुका था। शव की गर्दन पर कट का निशान मिला है, इसलिए हत्या की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर