फरीदाबाद : बोर्ड परीक्षाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : आयुष सिन्हा
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध, फ्लाइंग स्क्वॉड रहेंगे सक्रिय
फरीदाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। डीसी आयुष सिन्हा ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की मंगलवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीसी आयुष सिन्हा ने मंगलवार काे बताया कि जिला में कुल 80 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, डीईओ एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सभी को जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण करते हुए कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चिन्हित संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संबंधित एसडीएम नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाएगी।सिन्हा ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स तथा किसी भी प्रकार की अनधिकृत एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी अभ्यर्थियों एवं ड्यूटी स्टाफ की प्रवेश से पूर्व विधिवत जांच (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान उडऩ दस्तों (फ्लाइंग स्क्वॉड) का गठन किया गया है, जो आकस्मिक निरीक्षण कर नकल या अन्य अनुचित गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे। बैठक में एडीसी सतबीर मान, बडख़ल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार,बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अनित कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर