फरीदाबाद : डीसी आयुष सिन्हा ने किया अनाज मंडी का दौरा, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

 


फरीदाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने शनिवार को बल्लभगढ़ अनाज मंडी का औचक दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों को दी जा रही सुविधाओं, गेट पास की प्रक्रिया, गेहूं के उठान तथा लिफ्टिंग व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। डीसी ने मंडी में पहुंचकर खरीद कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित की जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गेट पास जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले वाहनों का समय पर पंजीकरण किया जाए तथा गेट पास तुरंत जारी किए जाएं, ताकि मंडी में भीड़भाड़ की स्थिति न बने। इसके साथ ही उन्होंने गेहूं की तुलाई, भंडारण और उठान व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित एजेंसियों को तेजी से लिफ्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि मंडी में खरीदा गया गेहूं समय पर उठाया जाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे स्थान की उपलब्धता बनी रहे और किसानों को अपनी फसल उतारने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। अब तक मंडी में करीब 95 हजार क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की जा चुकी है, जिसमें से लगभग 86 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। मार्केट कमेटी के सचिव इंद्रपाल सिंह ने बताया कि शुरुआत में गेहूं की उठान प्रक्रिया में कुछ देरी हुई थी। उन्होंने कहा कि गेहूं की चमक और गुणवत्ता के कारण उठान धीमा रहा, लेकिन अब इसमें तेजी लाई जा रही है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मंडी में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही है। इस अवसर पर बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीएफएससी कविता परिहार, मार्केट कमेटी के अधिकारी, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि, आढ़ती, ट्रांसपोर्टर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर