फरीदाबाद : फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 4.43 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 30 सितंबर (हि.स.)। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर करीब साढ़े चार करोड़ की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने खाता उपलब्ध करवाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतिन निवासी करनाल के रूप में हुई है। मामले में अब तक कुल 20 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी को बुधवार अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार 24 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-9 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि डेटिंग वेबसाइट के माध्यम से उसकी एक युवती से जान-पहचान हुई। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत होने लगी। युवती ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने एक वेबसाइट पर उसका ट्रेडिंग अकाउंट बनवाया, जिसके बाद पीडि़त ने अप्रैल से जून 2025 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 4 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक निवेश कर दिए। बाद में रकम निकालने का प्रयास करने पर पैसे वापस नहीं मिले। पीडि़त की शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी जतिन ने रोहित से बैंक खाता लेकर आगे किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध करवाया था। वह पूर्व में चंडीगढ़ स्थित एक क्लब का संचालक रह चुका है और बीटेक पास है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर