फरीदाबाद : डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के नाम पर ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए इंटरनेट पर मोबाइल नंबर सर्च करना सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फोन पर संपर्क कर उसे अपने जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 95,105 रुपये निकाल लिये। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने जयपुर, राजस्थान से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के उद्देश्य से इंटरनेट पर मोबाइल नंबर की तलाश की थी। इसी दौरान उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उसकी पत्नी का नाम सहित अन्य जानकारी पूछी और बातचीत के दौरान उसे विश्वास में लिया और उसके खाते से चार अनधिकृत 2 जुलाई को यूपीआई ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 95 हजार 105 रुपये निकाल लिये। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना एनआईटी की टीम ने राहुल निवासी ए.के. गोपालन नगर, जयपुर, रवि निवासी गणेश नगर, जयपुर तथा यश निवासी शारदा कॉलोनी, जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल खाताधारक है। उसने स्मार्ट ऐज सॉल्यूशन नाम से एक फर्म के नाम पर करंट खाता खुलवाया था, जिस खाता को रवि व यश के माध्यम से साइबर ठगों तक पहुंचाया गया। जिस खाता में ठगी की रकम में से 79 हजार 892 रुपये आए थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित यश जयपुर हाई कोर्ट में वकालत करता है, जबकि रवि जयपुर में कोचिंग देने का काम करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर