फरीदाबाद : अमेरिका से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से 18 लाख ठगे, तीन गिरफ्तार
फरीदाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठगों ने लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए अब नए-नए तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं। ऐसा ही एक मामला बल्लभगढ़ में सामने आया है, जहां अमेरिका से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर एक महिला से 18 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से महिला से दोस्ती की और फिर कस्टम अधिकारी बनकर गिफ्ट छुड़वाने के नाम पर अलग-अलग शुल्क वसूलते रहे। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की पुलिस टीम ने खाताधारक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू, अभिषेक और पवन निवासी जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि 15 अक्टूबर 2026 को उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक युवक की आईडी से मैसेज आया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई और उन्होंने एक-दूसरे के व्हाट्सएप नंबर भी ले लिए। बातचीत के दो-तीन दिन बाद युवक ने महिला को बताया कि उसने अमेरिका से उसके लिए एक गिफ्ट भेजा है। अगले दिन महिला के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि अमेरिका से उसके नाम का गिफ्ट आया है और उसे छुड़वाने के लिए 15 हजार रुपये टोकन मनी जमा करवानी होगी। इसके बाद कथित कस्टम अधिकारी ने अलग-अलग शुल्क और औपचारिकताओं का हवाला देकर महिला से कई बार रकम ट्रांसफर करवाई। इस तरह आरोपियों ने महिला से कुल 18 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से अपने खातों में डलवा लिए। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दी, जिसके आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रिंकू खाताधारक है। उसने अपना बैंक खाता अभिषेक को दिया था और अभिषेक ने आगे यह खाता पवन को सौंप दिया। तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं। जांच में पता चला कि रिंकू के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 90 हजार रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार, रिंकू से आगे की पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसके तीन अन्य बैंक खाते भी साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किए गए हैं। पुलिस इन खातों से जुड़े लेन-देन की भी जांच कर रही है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर