फरीदाबाद : साइबर ठगी मामले में खाताधारक सहित तीन गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 16 सितंबर (हि.स.)। साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक मामले में खाताधारक सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान निवासी नेमाराम, मुदित पारिक तथा मुकेश जाखड़ के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार काे बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ क्षेत्र में फोन हैक होने के बाद बैंक खाते से 60 हजार रुपये की अनाधिकृत निकासी का मामला सामने आया था। गांव तिगांव निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया तथा 31 अगस्त 2026 को उसके बैंक खाते से उसकी जानकारी के बिना 60 हजार रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित मुदित पारिक खाताधारक है, जिसके खाते में साइबर ठगी के 60 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। वहीं आरोपित मुकेश और नेमाराम ने उक्त बैंक खाता साइबर ठगी में शामिल आरोपितों को उपलब्ध करवाया था। आरोपित नेमाराम, मुकेश की बुआ का लडक़ा है। आरोपियों को बुधवार अदालत में पेश किया गया, जहां से मुदित पारिक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, वहीं मुकेश जाखड़ व नेमाराम को आगामी पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर