फरीदाबाद : साइबर पुलिस ने 129 ठगों को दबोच, 92 लाख करवाए रिकवर
फरीदाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद थाना साइबर सेंट्रल ने बीते माह में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 42 मामलों को सुलझाया है। इन मामलों में 129 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, बिहार, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से तकनीकी विश्लेषण व जांच के आधार पर पकड़े गए। पुलिस ने पीड़ितों के करीब 92 लाख रुपये भी रिकवर कराए। इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में डीसीपी साइबर क्राइम हिमाद्री कौशिक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है और पुलिस टीमों को तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रेल व मोबाइल लोकेशन के आधार पर लगातार कार्रवाई करनी पड़ती है। डीसीपी ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का लक्ष्य केवल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पीड़ितों की राशि वापस दिलाना और लोगों को जागरूक करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर