फरीदाबाद : मुनाफे के लालच में 36 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। स्टॉक मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 36.87 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल (25 वर्ष), निवासी फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी ने ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाता उपलब्ध करवाया था। इस मामले में पुलिस अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एनआईटी फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उसे एक अज्ञात व्हाट्सएप नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को स्टॉक मार्केट में पैसा निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां निवेश के नाम पर उसे विश्वास में लेकर पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने कुल 36 लाख 87 हजार रुपये निवेश कर दिए। बाद में उसके साथ धोखाधड़ी होने का पता चला, जिसके बाद मामले की शिकायत साइबर थाना एनआईटी में दी गई। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने ‘हैलो टैन’ नामक फर्म का बैंक खाता कथित तौर पर ठगी करने वाले अन्य आरोपियों को उपलब्ध करवाया था। पुलिस आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैंक खाता किन परिस्थितियों में उपलब्ध करवाया गया तथा ठगी की रकम के लेन-देन में उसकी क्या भूमिका रही। आरबोपी कॉम पास है, उसे शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर