फरीदाबाद पुलिस ने 11 लाख के 38 गुमशुदा मोबाइल फोन किए बरामद
फरीदाबाद, 01 सितंबर (हि.स.)। एनआईटी जोन की साइबर सेल ने तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए 11 लाख रुपये से अधिक कीमत के 38 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने में सफलता हासिल की है। बरामद किए गए मोबाइल फोन मंगलवार को डीसीपी एनआईटी उत्तम द्वारा अपने कार्यालय में उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द किये गए। लंबे समय से अपने गुम हुए मोबाइल फोन के मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए यह खुशी का अवसर रहा। मोबाइल फोन प्राप्त करने वाले नागरिकों ने फरीदाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के लिए एनआईटी जॉन की साइबर सेल द्वारा केंद्र सरकार के सीईआरआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। टीम ने मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर, डिजिटल ट्रैकिंग, नेटवर्क संबंधी तकनीकी जानकारी एवं अन्य आधुनिक संसाधनों की सहायता से फोन की पहचान की। विभिन्न स्थानों पर मोबाइल फोन की लोकेशन एवं उपयोग संबंधी जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें बरामद किया गया है। डीसीपी एनआईटी उत्तम ने कहा कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में घबराएं नहीं और शिकायत दर्ज कराने में देरी न करें। नागरिक तुरंत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा आवश्यक पुलिस प्रक्रिया पूरी करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल फोन को ट्रैक करने, उसे ब्लॉक करने तथा उसके संभावित दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलती है। फरीदाबाद पुलिस आमजन की डिजिटल एवं व्यक्तिगत संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीकी माध्यमों से नागरिकों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर