फरीदाबाद : क्रेडिट कार्ड के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 04 फरवरी (हि.स.)। क्रेडिट कार्ड को वीजा और रु-पे में कन्वर्ट करने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि सेक्टर-15, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी कि उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसके क्रेडिट कार्ड को वीजा से रु-पेय कार्ड में कनवर्ट करने का झांसा दिया तथा व्हॉट्सएप पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक कर शिकायतकर्ता ने अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी भर दी, जिसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से एक लाख 44 हजार 999 रुपये की राशि कट गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भरत कुशवाह (22) निवासी गांव दिसरापुर बिलबई, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भरत ने अपने साथी अरुण से उसकी सिम कार्ड लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसी सिम के माध्यम से शिकायतकर्ता को कॉल कर ठगी की गई थी। आरोपी को आज अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर