फरीदाबाद : एफआईआर के बाद निर्दलीय पार्षदों ने दी गिरफ्तारी, निकाला जुलूस

 


फरीदाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम बल्लभगढ़ जोन के एक्सईएन डालचंद की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के बाद वार्ड-40 के निर्दलीय पार्षद पवन यादव और वार्ड-42 के निर्दलीय पार्षद दीपक यादव ने बुधवार को बल्लभगढ़ डीसीपी कार्यालय पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी गिरफ्तारी दर्ज कराई। हालांकि उन्हें तुरंत जमानत भी मिल गई। इस दौरान दोनों पार्षदों के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद रहे। यह जुलूस पार्षद दीपक यादव के निवास से शुरु हुआ, जो कि शहर के विभिन्न मार्गाे से होकर गुजरा, इस दौरान लोगों ने हाथों में बैनर व तख्तियां लेकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दरअसल, मामला 28 जुलाई का है। दोनों पार्षद अपने-अपने वार्डों में लंबित विकास कार्यों की शिकायत लेकर नगर निगम बल्लभगढ़ जोन कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान एक्सईएन डालचंद के साथ उनकी तीखी बहस हो गई और पार्षद ने एक्सईएन के कार्यालय पर ताला जड़ दिया और बाद में उन्हें गाड़ी से उतारकर खूब खरी खोटी सुनाई। विवाद के अगले दिन नगर निगम मुख्यालय पर सफाई कर्मचारी यूनियन और एक्सईएन धरने पर बैठ गए तथा दोनों पार्षदों के विरुद्ध कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस में दी गई शिकायत के आधार पर दोनों पार्षदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद बुधवार को दोनों पार्षद अपने समर्थकों के साथ डीसीपी कार्यालय पहुंचे, जहां गिरफ्तारी की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। इस दौरान तेज बारिश के बावजूद महिला एवं पुरुष समर्थक डीसीपी कार्यालय के बाहर डटे रहे। समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए डीसीपी कार्यालय के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुख्य प्रवेश द्वार बंद रखा गया और समर्थकों को कार्यालय परिसर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से बातचीत में पार्षद पवन यादव और दीपक यादव ने आरोप लगाया कि जनता के विकास कार्यों की मांग उठाने पर उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों ने विकास कार्यों में लापरवाही जारी रखी तो जनप्रतिनिधि जनता के हित में आंदोलन जारी रखेंगे। दोनों पार्षदों ने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई के लिए यदि जेल भी जाना पड़े तो वे पीछे नहीं हटेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर