फरीदाबाद : प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच फंसा यात्री, कांस्टेबल ने बचाई जान

 


फरीदाबाद, 04 मई (हि.स.)। बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढऩे की कोशिश कर रहा एक यात्री अचानक संतुलन बिगडऩे से प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया था, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान की सतर्कता और बहादुरी के कारण उसकी जान बच गई। हालांकि यह घटना शनिवार दोपहर को घटित हुई, लेकिन इसकी सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर गाड़ी संख्या 12060 जनशताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद स्टेशन से रवाना हो रही थी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से चलकर कोटा तक जाती है और इसका पहला ठहराव बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर होता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन के प्लेटफॉर्म से चलने के दौरान एक यात्री जल्दी में उसमें चढऩे की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खतरनाक तरीके से फंस गया। यह दृश्य देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए। स्थिति बेहद गंभीर थी, क्योंकि अगर थोड़ी सी भी देर हो जाती, तो यात्री गंभीर हादसे का शिकार हो सकता था। उसी समय वहां ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल विकास ने तुरंत स्थिति को समझा और बिना देर किए साहस का परिचय देते हुए कार्रवाई की। उन्होंने तुरंत यात्री को पकडक़र अपनी ओर खींच लिया और उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर बाहर निकाल लिया। कांस्टेबल की इस सूझबूझ और तेजी से की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और यात्री की जान बच गई। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। आरपीएफ प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि कांस्टेबल की सतर्कता और तत्परता के कारण एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहता है, लेकिन यात्रियों को भी सावधानी बरतनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर