फरीदाबाद : प्रदर्शन के दौरान भिडऩे वाली कांग्रेसी नेत्रियों को पार्टी ने जारी किया नोटिस
फरीदाबाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में प्रदर्शन के दौरान आपस में भिडऩे वाली पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पराग शर्मा और पूर्व जिला अध्यक्ष गजना लांबा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों के बीच में आगे चलने को लेकर विवाद और उसके बाद हुए आपसी झगड़े और अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर जवाब मांगा गया है। आठ अक्टूबर को फरीदाबाद में कांग्रेस के एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही थी। इसी दौरान बल्लभगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी पराग शर्मा और गजना लांबा के बीच में एक-दूसरे से आगे निकलने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला थप्पड़-मुक्कों तक पहुंच गया। यह सब महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी के सामने हुआ। कांग्रेस के सह प्रभारी जितेन्द्र बघेल और जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक को बीच बचाव में उतरना पड़ा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह मलिक की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि काला दिवस कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन के समय पराग शर्मा और गजना लांबा के बीच अमर्यादित व्यवहार हुआ और विवाद की स्थिति पैदा हुई। मामला पुलिस तक पहुंचा और मीडिया के सामने भी पार्टी का आंतरिक विवाद सार्वजनिक हुआ। समिति ने इसे पार्टी के अनुशासन, संगठनात्मक मर्यादा और सार्वजनिक छवि के लिहाज से गंभीर मामला बताया है। नोटिस में कहा गया है कि आंतरिक विवादों का समाधान संगठन के उचित मंच और पार्टी नेतृत्व के माध्यम से किया जाना चाहिए था। नोटिस में पराग शर्मा और गजना लांबा से सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने या जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर उपलब्ध तथ्यों और अभिलेखों के आधार पर एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर