फरीदाबाद : एडवोकेट के घर से दो किलो सोना व 20 लाख चोरी
फरीदाबाद, 21 जुलाई (हि.स.)। सेक्टर-16 में एसी की खिडक़ी का शीशा तोडक़र एक वकील के घर से चोर दो किलो सोना तथा 20 लाख की नगदी चुराकर ले गए। घटना के समय घर खाली था और परिवार के लोग नोएडा किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। परिवार के अनुसार चोरी हुए सोने की मौजूदा बाजार कीमत करीब 2.75 करोड़ रुपए है। हैरानी की बात यह है कि जिस घर में चोरी हुई, उससे कुछ ही दूरी पर सेक्टर-16 पुलिस चौकी स्थित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार के सदस्य सुबोध ने बताया कि 20 जुलाई को सभी लोग नोएडा में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे। घर पूरी तरह खाली था। इसी दौरान चोर चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे और एसी की खिडक़ी का शीशा तोडक़र मकान में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने कमरों के ताले तोड़े और अलमारी में रखे करीब दो किलो सोने के आभूषण और लगभग 20 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। सुबोध ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी घर के बाहर खड़ी परिवार की कार भी अपने साथ ले गए। हालांकि बाद में कार ओल्ड रेड लाइट के पास लावारिस हालत में बरामद हो गई। आशंका है कि बदमाशों ने चोरी के बाद मौके से फरार होने के लिए कार का इस्तेमाल किया। कार तो मिल गई, लेकिन चोरी हुए सोने और नकदी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। सेक्टर-16 पुलिस चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर