फरीदाबाद में दूसरी मंजिल से गिरकर डेढ़ साल के बच्चे की मौत

 

फरीदाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के अनखीर गांव में गुरुवार रात घर की दूसरी मंजिल से गिरकर डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूत्राें के अनुसार, पिंटू चौहान, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला बलिया के थाना बांसडीह क्षेत्र के गांव शाहपुर का रहने वाला है, वर्तमान में गांव अनखीर में किराए पर रह रहा था। फरीदाबाद में करीब तीन महीने पहले वह अपने भाई की पत्नी रानी को गांव से अपने साथ लेकर आ गया था। रानी अपने साथ अपने डेढ़ साल के बेटे आर्यन को भी लेकर आई थी। गुरुवार शाम आर्यन घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद बच्चे की मां और आसपास के लोगों ने घायल बच्चे को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। सूरजकुण्ड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सौंप दिया है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर