फरीदाबाद : पहाड़ों की सुरक्षा से समझौता किए बिना बनाई जाएं सडक़ें : नितिन गडकरी
7वें विश्व भूस्खलन मंच में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े केंद्रीय मंत्री
फरीदाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ी क्षेत्रों में सडक़ निर्माण देश के विकास और कनेक्टिविटी के लिए बेहद जरूरी है, लेकिन इस दौरान पहाड़ों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सडक़ निर्माण में सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। यह बात केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को फरीदाबाद स्थित अमृता विश्व विद्यापीठम परिसर में आयोजित सातवें विश्व भूस्खलन मंच (डब्ल्यूएलएफ-7) को वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कही। गडकरी ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में विकास कार्य करते समय प्राकृतिक परिस्थितियों और संभावित आपदाओं को ध्यान में रखना बेहद आवश्यक है। सडक़ें बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी पहाड़ों की स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने जोर दिया कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आपदा आने का इंतजार करने के बजाय पहले से ही वैज्ञानिक जांच और रोकथाम के उपाय किए जाने चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केवल प्रस्तुतियों और विचार-विमर्श तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इनसे ऐसे व्यावहारिक समाधान निकलने चाहिए, जिनका जमीन पर क्रियान्वयन हो सके और जिनके परिणामों को मापा जा सके। इसके लिए सरकारी विभागों, उद्योग जगत, शिक्षण संस्थानों और वैज्ञानिक विशेषज्ञों के बीच बेहतर तालमेल और ज्ञान का आदान-प्रदान जरूरी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही सफल तकनीकों और कार्यप्रणालियों से सीख लेकर भारत में भी आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर बल दिया।गडकरी ने सडक़ निर्माण परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) वैज्ञानिक और तकनीकी तथ्यों के आधार पर तैयार करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की योजना बनाते समय विशेषज्ञ एजेंसियों और तकनीकी संस्थानों की मदद ली जानी चाहिए। सडक़ परियोजनाएं जलवायु के अनुकूल और वैज्ञानिक अध्ययन पर आधारित हों, ताकि भूस्खलन सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर