फरीदाबाद: चलती कार में लगी आग, ड्राइवर ने लगाई छलांग
फरीदाबाद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में पुस्ता बांध रोड से जमुना कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर रविवार देर रात एक कार में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं निकलता देख ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोककर बाहर छलांग लगा दी। इसके कुछ ही सेकेंड बाद कार आग की लपटों से घिर गई। ड्राइवर को समय रहते बाहर निकलने से जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन कार को नुकसान पहुंचा। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पल्ला थाना पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई, जब युवक अपनी कार लेकर पुस्ता बांध रोड से जमुना कॉलोनी की तरफ जा रहा था। युवक ने बताया कि वह कोचिंग देकर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। स्थिति को भांपते हुए उसने बिना देर किए गाड़ी रोकी और तुरंत बाहर निकल गया। ड्राइवर के कार से बाहर निकलते ही आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही सेकेंड में पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। सडक़ पर कार में आग लगने से आसपास के लोगों में हलचल मच गई। कार में उस समय ड्राइवर अकेला था। उसके समय रहते बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग लगने से कार को नुकसान पहुंचा। पल्ला थाना इंचार्ज सत्य प्रकाश के मुताबिक, कार में आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि, जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर