फरीदाबाद : शराब ठेके से रंगदारी वसूलने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 14 जून (हि.स.)। झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देकर शराब ठेका संचालक से रंगदारी वसूलने वाले पति-पत्नी को थाना मुजेसर पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कॉलोनी निवासी रोहताश (50 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के उपरांत दंपति को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार काे जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-10 फरीदाबाद निवासी एक शराब ठेका संचालक ने थाना मुजेसर में शिकायत दी थी कि वह थाना क्षेत्र में स्थित एक शराब ठेके का संचालन करता है। शिकायतकर्ता के अनुसार रोहताश तथा उसकी पत्नी स्वयं को समाजसेवी व पत्रकार बताकर ठेका संचालक पर दबाव बनाते थे तथा ठेका चलाने के एवज में प्रतिमाह दस हजार रुपए की रंगदारी की मांग करते थे। इसके अतिरिक्त ठेके के आसपास रेहड़ी एवं खोखा संचालकों से भी प्रतिदिन सौ रुपए की मांग की जाती थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपित दंपति रंगदारी न देने पर शराब ठेके की वीडियो बनाकर प्रशासनिक अधिकारियों को भेजने की धमकी देते थे। साथ ही महिला द्वारा झूठे छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने तथा पुलिस शिकायत कराने की धमकी दी गई। आरोपितों द्वारा पिछले लगभग 8 से 9 महीनों से सात हजार रुपए प्रतिमाह के हिसाब से अवैध रूप से रंगदारी वसूली जा रही थी। शिकायत प्राप्त होने पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित दंपति को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपित शराब ठेके के आसपास शराब पीने वाले व्यक्तियों तथा वहां होने वाली अन्य गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग करते थे। बाद में इन वीडियो का इस्तेमाल कर ठेका संचालक पर दबाव बनाकर धन उगाही की जाती थी। आरोपी, वीडियो प्रशासन को भेजने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर लंबे समय से अवैध वसूली कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसको तकनीकी एवं फॉरेंसिक जांच के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा जाएगा, ताकि मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर