फरीदाबाद : भाजपा विधायक की फर्जी स्टैंप बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)। भाजपा विधायक के नाम की फर्जी स्टैंप बनवाने के आरोप में थाना सारन पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कंप्यूटर सेंटर चलाता है, जहां वह रुपए लेकर आधार कार्ड व अन्य सरकारी कागजात बनाता था। इस बाबत विधायक के कार्यालय प्रभारी सत्यप्रकाश ने शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की। पकड़े गए युवक का नाम सौरभ बताया गया है, जो कि पर्वतीया कालोनी का रहने वाला है। बताया जाता है कि सौरभ पर्वतीया कालोनी में एक कंप्यूटर सेंटर चलाता है, जहां लोगों के आधार कार्ड में करेक्शन इत्यादि करता था व अन्य सरकारी कार्य भी करता है। उसने एनआईटी से भाजपा विधायक सतीश फागना के नाम की फर्जी मोहर बनवा ली और उसका उपयोग वह आधार कार्ड में करेक्शन में करता था। इस बात का खुलासा उस समय हुआ, जब वह कुछ कागजात लेकर डबुआ कालोनी स्थित कार्यालय पहुंचा, जहां उसने कुछ कागजात सत्यप्रकाश को दिखाए और कहा कि विधायक के हस्ताक्षर के बाद भी आधार कार्ड में करेक्शन नहीं हो रही, जबकि सत्यप्रकाश ने कहा कि विधायक ने कभी ऐसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए। उन्हें उस पर शक हुआ और विधायक के संज्ञान में मामला पहुंचाने के बाद इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना सारन प्रभारी हुकम सिह ने बताया कि कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने इस फर्जी हस्ताक्षरयुक्त स्टैंप का प्रयोग कब शुरु किया और कहां कहां किया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर