फरीदाबाद : बाइक में लगाए 500 हॉर्न, उत्तराखंड पुलिस ने काटा चालान
फरीदाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान फरीदाबाद के एक युवक की अनोखी बाइक पुलिस कार्रवाई के बाद चर्चा में आ गई है। युवक ने अपनी बाइक में एक-दो नहीं, बल्कि करीब 500 हॉर्न लगवा रखे थे। बाइक को भारी-भरकम तरीके से मॉडिफाई कर युवक कांवड़ मेले में पहुंचा था। पुलिस ने बाइक को नियमों के उल्लंघन के चालान काट कर बाइक को छोड़ दिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हरिद्वार जिले के कनखल थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, ये मामला सात अगस्त का है। जब पुलिस कर्मचारी शंकराचार्य चौक के पर ड्यूटी कर रहे थे। चौक से कुछ ही दूरी पर अमन की बाइक पहुंची तो उसके अजीबोगरीब लुक और तेज आवाज के कारण लोगों की भीड़ जुटने लगी। जिस कारण ट्रैफिक प्रभावित होने लगा था। लोगों की भीड़ जमा होते देख पुलिस कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर जाकर बाइक को रोक लिया। जांच के दौरान बाइक में बड़ी संख्या में हॉर्न लगे मिले। इसके अलावा वाहन में नियमों के विपरीत कई तरह के मॉडिफिकेशन किए गए थे। पुलिस ने जब बाइख पर लगे हॉर्न को गिनना शुरू किया तो उनकी संख्या 500 पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक को कनखल थाने भेज दिया। बताया जा रहा है कि बाइक को थाने ले जाते समय किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया था। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने बाइक से सभी हार्न हटा दिए। जानकारी के अनुसार पुलिस ने पांच हजार का चालान किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर