फरीदाबाद : पेपर लीक के विराेध में भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन
फरीदाबाद, 25 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय पर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में भीम आर्मी के ओमप्रकाश, कुलदीप एडवोकेट, छात्रा अंजलि, दिव्यांग महिला गीत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामले ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उनका कहना था कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। संगठन ने मांग की कि सरकार छात्रों की बात सुने और उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करे। प्रदर्शन में शामिल कॉलेज की छात्रा अंजलि ने कहा कि अपने हक की लड़ाई लड़ रहे छात्रों पर किसी को डंडे नहीं मारने चाहिए। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर पुलिस द्वारा छात्रों पर किया गया लाठीचार्ज बहुत गलत है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। वहीं, प्रदर्शन में शामिल दिव्यांग महिला गीत ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना सरकार का गलत कदम है। उन्होंने कहा कि छात्र केवल नीट पेपर लीक मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया, जो बेहद दुखद है। प्रदर्शन के अंत में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन और संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर