बिना लाइसेंस चल रही आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री सील, संचालक गिरफ्तार

 

फरीदाबाद, 09 जून (हि.स.)। केंद्रीय आयुष विभाग और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बिना लाइसेंस के आयुर्वेदिक दवा की एक फैक्टरी सील कर उसके संचालक को गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री, पाउडर, खाली कैप्सूल, बोतलें और दवाओं के लेबल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में फर्म पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के प्रावधानों के उल्लंघन मिला है। वर्कशॉप सील कर संचालकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। केंद्रीय आयुष विभाग (सीडीएससीओ) और आयुष विभाग हरियाणा की टीम संयुक्त रूप से दीपावली एंक्लेव, गली नंबर सात, नवीन नगर स्थित परिसर में पहुंची। यह कार्रवाई मंत्रालय से मिले निर्देशों और क्राइम ब्रांच की सूचना के आधार पर की गई। निरीक्षण के दौरान दो मंजिला भवन में बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री मिली। कुछ पैकिंग सामग्री पर एसएस हर्बल की सील लगी हुई थी। इसके अलावा कई बोरों में पाउडर, आयुर्वेदिक उत्पादों के लेबल, खाली कैप्सूल और अन्य सामग्री बरामद हुई। जांच टीम को यह भी जानकारी मिली कि पाउडर को कैप्सूल में भरकर बाजार में बेचा जाता था। क्राइम ब्रांच के अनुसार यह वर्कशाप देशबंधु और उनका बेटा संदीप कुमार चला रहे थे। फर्म के प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार को पुलिस ने पहले ही पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, उसी से सारी जानकारी प्राप्त हुई। आयुष विभाग की ओर से 12 दवा नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए लिए गए। टीम ने मौके पर मौजूद पैकिंग सामग्री, पाउडर, लेबल, खाली कैप्सूल और बोतलों का विवरण तैयार कर उन्हें पुलिस को सौंप दिया। परिसर को क्राइम ब्रांच की मौजूदगी में सील कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर