फरीदाबाद : बेलगाम ऑटो पलटा, पति की मौत, पत्नी व तीन बच्चे घायल

 


फरीदाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के बदरपुर बॉर्डर पर तेज रफ्तार ऑटो बेकाबू होकर सडक़ किनारे लगे लोहे के एंगल से टकराकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार 25 वर्षीय जावेद की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चे घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, जावेद उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के नगला खीरी का रहने वाला था। वह दिल्ली में रंगोली बेचने का काम करता था। रविवार देर रात वह पत्नी और बच्चों के साथ गांव लौटने के लिए बदरपुर बॉर्डर पर बस पकडऩे जा रहा था। हादसे के बाद ऑटो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और जावेद के शव का पोस्टमार्टम करवाया। सराय थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जावेद अपनी पत्नी बबली और 3 बच्चों के साथ दिल्ली आया हुआ था। रविवार देर रात करीब 3 बजे परिवार गांव लौटने के लिए बदरपुर बॉर्डर पर बस पकडऩे जा रहा था। इसके लिए उन्होंने ऑटो लिया था। बदरपुर बॉर्डर पार करते ही तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित हो गया और सडक़ किनारे लगे लोहे के एंगल से टकराकर पलट गया। हादसे में जावेद (25) की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पत्नी बबली (23), बेटा आमीन (12) और बेटियां जाफिया (7) व जारा (4) घायल हो गईं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जावेद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ऑटो ड्राइवर हादसे के बाद से फरार है। सराय थाना पुलिस उसकी तलाश और मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर